हमीरपुर,अरविंद-: गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को हमीरपुर शहर में गौ संरक्षण और गौ सम्मान के समर्थन में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से मार्च निकालते हुए लोगों को देशी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक किया। रैली के समापन के बाद उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि गौ माता को संवैधानिक रूप से ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिया जाए। इसके अलावा देशभर में गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए एक समान कानून लागू करने तथा गौ सेवा एवं गोवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए अलग विभाग का गठन करने की भी मांग उठाई गई। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि इन कदमों से देशी गोवंश के संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।अभियान के सदस्य रसील सिंह मनकोटिया ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य गौ सेवा को बढ़ावा देना, देशी नस्ल के गोवंश का संरक्षण सुनिश्चित करना और इस विषय पर व्यापक जनसमर्थन जुटाकर सरकार से आवश्यक नीतिगत और कानूनी कदम उठाने का आग्रह करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिलेभर में लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है।
रसील सिंह मनकोटिया ने जानकारी दी कि वर्तमान में हमीरपुर जिले में लगभग 28 पंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें करीब 3,500 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत जिले में लगभग 31 हजार लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं। वहीं देशभर में अब तक करीब 4 करोड़ हस्ताक्षर जुटाए जाने का दावा किया गया है। अभियान से जुड़े सदस्यों का कहना है कि इन हस्ताक्षरों को ज्ञापन के साथ केंद्र और राज्य सरकारों तक भेजा जा रहा है, ताकि गौ संरक्षण से संबंधित मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा सके।
