संजु चौधरी, शिमला: मंहगाई के इस दौर में अब लिफ़्ट की सहूलियत लेना भी शिमला आने वाले पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को महंगा पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार ने आम जनता को करारा झटका देते हुए हिमाचल पर्यटन विकास निगम कि शिमला में बनी लिफ्ट का किराया दोगुना कर दिया हैं। लिफ्ट में आवाजाही के लिए अब लोगों को 20 रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा लगेज के लिए भी अतिरिक्त 20 रुपए किराया तय किया गया हैं। हिमाचल पर्यटन विकास निगम ने वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली 30 फ़ीसदी छूट को भी पूरी तरह खत्म कर दिया हैं। अब सभी को लिफ्ट में आवाजाही के लिए 20 रुपए चुकाने होंगे।
गुरुवार तक लिफ्ट में आवाजाही का किराया 10 रुपए प्रति व्यक्ति था, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को लिफ्ट में आवाजाही के लिए 7 रुपए चुकाने होते थे। पर्यटन सीजन के दौरान अचानक इस किराए में बढ़ोतरी की वजह से आम जनता को करारा झटका लगा हैं.,हालांकि पर्यटकों पर इसका ज्यादा प्रभाव तो नहीं पड़ता, लेकिन रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक भी लिफ्ट के किराए में मिलने वाली छूट को भी खत्म किए जाने से नाराज नजर आ रहे हैं।
लिफ्ट में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को अब हर महीने 300 रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे। शिमला लिफ्ट के इंचार्ज गुरुदेव ठाकुर ने बताया कि सरकार के आदेशों पर किराया बढ़ाया गया हैं। यह किराया साल 2020 में बढ़ाया जाना था, लेकिन कोरोना की वजह से इसे टाल दिया गया। अब सरकार के आदेशों पर किराया 20 रुपए कर दिया गया हैं।
बता दें कि शिमला कार्ट रोड से मॉल रोड तक पहुंचने के लिए मात्र एक है लिफ्ट ही वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य लोगों का सहारा हैं। वरिष्ठ नागरिकों और शिमला आने वाले पर्यटकों को अपने भारी-भरकम सामान के साथ मॉल रोड तक पैदल पहुंचना मुश्किल हो जाता है ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों सहित पर्यटक इसी लिफ्ट का इस्तेमाल है मॉल रोड पहुंचने के लिए करते हैं। इसके लिए पहले 10 रुपए किराया और वरिष्ठ नागरिकों को 7 रुपए किराया चुकाना पड़ता था लेकिन अब किराया बढ़ने से वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी यहां बढ़ने वाली हैं।
