बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में कुल 1058 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता इस बार अपने घर से मतदान कर सकेंगे। जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। इस बात की जानकारी देते हुए उपमंडल अधिकारी घुमारवीं व आर ओ राजीव ठाकुर ने बताया कि पूरी विधानसभा क्षेत्र में एक नवंबर से 5 नवंबर तक मतदाता अपना मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया की चुनाव आयोग ने 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा 40 फीसदी से ऊपर के दिव्यांग लोगों को जो पोलिंग बूथ तक जाने में सक्षम नहीं है और अपने घर से ही मतदान करना चाहते हैं। उनके लिए इस बार यह विकल्प दिया गया है, जिसके लिए क्षेत्र के 2452 बुजुर्ग तथा दिव्यांग मतदाताओं ने घर से मतदान का विकल्प पर आवेदन किया। इसमें से 471 वृद्ध मतदाता तथा 1510 दिव्यांग मतदाता शामिल है, लेकिन जांच पड़ताल के बाद कुल 1058 मतदाताओं को घर से मतदान करने का अधिकार दिया गया है।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर से 3 नवंबर तक प्रथम चरण रहेगा, जिसमें इन सभी लोगों के घरों में टीमें जाएगी और अगर इस दौरान कोई व्यक्ति छूट जाता है तो उनका 4 नवंबर और 5 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा। उन्होंने खासतौर पर जानकारी देते हुए कहा कि जिन लोगों ने घर से मतदान करने का विकल्प चुना है, अगर वह इन 5 दिनों के अंदर मतदान नहीं कर पाते हैं तो उसके बाद वह पोलिंग बूथ पर आकर मतदान नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस सारी प्रक्रिया के लिए 18 पोलिंग टीमें तैयार की गई है। जिसमें 2 पोलिंग ऑफिसर, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक पुलिस कर्मचारी, एक फोटोग्राफर की टीम गठित की गई है। इसके अलावा जितने भी उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं, उन सभी को भी इस बारे में अवगत करवा दिया है कि वह अपने अपने एजेंट टीम के साथ भेज सकते , ताकि निष्पक्ष रूप से इस मतदान प्रक्रिया को पूरा करवाया जा सके।
5 दिनों के अंदर मतदान करने के लिए रहे अपने घरों पर
राजीव ठाकुर ने बताया कि सारी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। जिसके आधार पर यह 18 टीमें घर-घर जाकर इन लोगों से मतदान करवाकर इस कार्य को पूर्ण करेंगे। इस मौके पर उन्होंने इन सभी मतदाताओं से अपील की है कि वह 5 दिनों के अंदर अपना मतदान करने के लिए अपने घरों पर ही मौजूद रहे क्योंकि अगर इन 5 दिनों में यह मतदाता घर पर नहीं मिले या किसी कारणवश अपना मतदान नहीं कर पाए तो उसके बाद इन्हें मतदान करने की इजाजत नहीं होगी। जिसके लिए उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की है।
