संजीव महाजन,नूरपुर:प्रदेश सरकार राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए बचनबद्ध हैं। यह बात नूरपुर में स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कोविड काल में आउटसोर्स पर लगे कर्मियों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार एक समिति गठित करने बारे विचार कर रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों ओर स्वास्थ्य कर्मियों की कमी को देखते हुए सरकार बहुत जल्दी इन पदों की भर्ती करेगी। उन्होंने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी को दूर करने के लिए डॉक्टरों को 6 महीने का ब्रिज कोर्स करवाया जाएगा ताकि रेडियोलॉजी विभाग के उपकरणों को संचालित किया जा सके।
फार्मा कंपनियों की ओरसे बनाई जा रही दवाइयों की गुणवत्ता के बारे में बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दवाइयों को बनाने में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर गुणवत्ता में कोई अनियमितता पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को निःशुल्क इलाज़ मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए प्रदेश के लोगों को हिम केअर की सुविधा निरंतर मिलती रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से पेंशन देगी। इसके तहत सबसे पहले प्रथम चरण में 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी।
