नाहन/देवेन्द्र कुमार: नाहन में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में नाहन विधानसभा क्षेत्र से भारी संख्या में महिला सदस्यों ने भाग लिया। सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री इंदू गोस्वामी तथा भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज ने विशेष तौर पर इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर सांसद इंदू गोस्वामी ने कहा कि आज देश की महिलाओं का भरोसा नरेन्द्र भाई मोदी पर है। नरेन्द्र मोदी की सरकार ने महिलाओं के संपूर्ण विकास के लिए ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने कोरोना काल में जिस प्रकार कोरोना की वैक्सीन के लिए अपने देश के वैज्ञानिकों तथा हैल्थ एकसर्पट पर भरोसा जताया वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वैक्सीन की बदौलत आज हम सब देशवासी, सभी बहने खुली हवा में आजादी से सांसे ले रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यदि 60 सालों में देश और देशवासियों का विकास किया होता तो आज न तो गरीबी होती, न बेरोजगारी होती और न मंहगाई होती। उन्होंने कहा कि देश नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एक पुरानी कहावत है कि जिस और जवानी (युवा) चलती है उस ओर सरकार चलती है किन्तु वर्तमान समय में, नरेन्द्र मोदी सरकार की बदौलत हमारी मातृ शक्ति इतनी सक्षम और सशक्त हो गई है कि यह कहावत बदल गई है। अब यह कहा जाता है कि जिस ओर जनानी (महिला) चलती है उस ओर सरकार चलती है। भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि आज देश की माताएं और बहनें नरेन्द्र मोदी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, वर्ष 2019 के लोक सभा के चुनाव तथा विभिन्न विधानसभा चुनाव में मातृ शक्ति ने नरेन्द्र मोदी का साथ दिया, भाजपा का साथ दिया और आने वाले हिमाचल के चुनाव में भी नरेन्द्र मोदी और भाजपा का साथ हमारी बहने देंगी। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों का भरोसा नरेन्द्र मोदी पर है और यह भरोसा कभी नहीं टूटेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने रिवाज बदल दिया, यहां दोबारा से भाजपा सरकार का गठन हुआ और अब हिमाचल की बारी है, यहां भी दोबारा से भाजपा सरकार का गठन होगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी नरेन्द्र मोदी की सरकार बनेगी। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि आज नाहन शहर को पेयजल संकट से मुक्त करके शहर को जल की प्रतिदिन आपूर्ति की जा रही है। आज बहनों को सुबह उठकर नल के आगे घंटों नहीं खड़ा होना पड़ता है। नाहन क्षेत्र में इतने इतनी सड़कें और पुल बन गए हैं कि अब बेरोकटोक काम के लिए जा सकती हैं।
डा. बिन्दल ने कहा कि प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में नाहन में विकास के अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की हमारी माताओं और बहनों को अगले कुछ दिनों तक भाजपा सरकार द्वारा नाहन निर्वाचन क्षेत्र तथा हिमाचल में किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यो के बारे में अपने परिवार, अपने समाज और अपने पास पड़ोस तक जाकर जरूर बताना है।
