Shimla, 25 August -हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज मशोबरा विकास खंड के सिपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने देवदार का पौधा रोपकर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान उसकी हरी-भरी वादियाँ और स्वच्छ जलधाराएँ हैं, लेकिन हाल ही में प्रदेश ने भीषण प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनुष्य प्रकृति के साथ संतुलन नहीं बनाएगा तो हमें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई और जलस्रोतों का प्रदूषण हमारी धरती को खतरे में डाल रहा है।राज्यपाल ने यह भी कहा कि पौधारोपण केवल प्रतीकात्मक कार्य नहीं है, बल्कि यह मिट्टी, जल और वायु संरक्षण का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा के विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य अनिता गुप्ता के नेतृत्व में 120 पौधे लगाए। स्थानीय लोग और वन विभाग के अधिकारी भी इस अभियान में शामिल हुए।इससे पूर्व, राज्यपाल ने सिपुर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्य वन संरक्षक के. तिरूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और शॉल व टोपी भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
