मंडी : धर्मवीर-राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने मंडी जिला के दो दिवसीय दौरे के दौरान दूसरे दिन जोनल अस्पताल मंडी व रघुनाथ का पधर में संचालित नशा निवारण केंद्र का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने जोनल अस्पताल मंडी व नशा निवारण केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया।
राज्यपाल ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि जनता के सहयोग के नशे का खात्मा संभव नहीं है। जिला में नशा निवारण केंद्र का सही ढंग से संचालन हो रहा है। 20 बिस्तरों की क्षमता वाले इस केंद्र में आज सिर्फ 4 लोग उपचाराधीन हैं। लोगों को चाहिए कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में जा चुका है तो उसे इन केंद्रों तक पहुंचाएं और उसका उपचार करवाकर उसे बेहतर जिंदगी जीने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नशे के खात्मे के लिए शासन और प्रशासन अपनी तरफ से बेहरीन प्रयास कर रहे हैं लेकिन यह तब तक संभव नहीं जब तक जनसहयोग नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि आज टीबी जैसी बीमारी भी नशे के प्रचलन के कारण ही बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि ऐसे बीमारियों के खात्मे के लिए भी मिलकर प्रयास करें ताकि शासन और प्रशासन की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं को बल मिल सके। वहीं राज्यपाल शुक्ला ने कहा जोनल हास्पिटल मंडी में मरीजों को बेहतरीन सुविधाएं दी जा रही हैं। आने वाले समय में इनमें और ज्यादा ईजाफा करने की जरूरत है।इस मौके पर उनके साथ सदर के विधायक अनिल शर्मा और जिला के सभी उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
