मंडी, धर्मवीर-:गुरकोठा डाकघर को बदलने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को छुट्टी वाले दिन डाकघर को बदलने की योजना पर पानी फेरने के बाद सोमवार को डाक विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी डाकघर नहीं पहुंचा। इस कारण डाकघर में अपने जरूरी काम करवाने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, ग्रामीणों ने डाकघर को बदलने के निर्णय पर फिर से विरोध जताते हुए डाक विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले डाक विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि गुरकोठा उप डाकघर को लेदा स्थानांतरित करने से पहले गुरकोठा में शाखा डाकघर खोला जाएगा। लेकिन अब तक इस संबंध में कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरकोठा क्षेत्र भौगोलिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। यहां से रिवालसर, नेरचौक और सुंदरनगर की दूरी लगभग 15 से 16 किलोमीटर है। गुरकोठा में डाकघर होने से आसपास के गांवों के लोगों को सुविधा रहती थी और उन्हें दूर नहीं जाना पड़ता था। धरना दे रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक गुरकोठा में शाखा डाकघर नहीं खोला जाता, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने डाक विभाग और प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।बता दें कि गुरकोठा में आजादी से पहले का डाकघर है। लेकिन डाक विभाग इसे यहां से बदलकर तीन किलोमीटर दूर लेदा ले जाना चाह रहा है जिसका स्थानीय ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले गुरकोठा से यदि डाकघर को स्थानांतरित करना ही है तो पहले यहां शाखा डाकघर खोला जाए।
TAGGED:
Mandi Gurkotha post office
Chandrika
