ऊना, राकेश-:हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग 5 मार्च को ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समूरकलां में एक विशाल जन-जागरूकता शिविर आयोजित करेगा। आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने बताया कि शिविर का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।यह शिविर 5 मार्च को प्रातः 10 बजे से समूरकलां स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र के सामने मंदिर मैदान में आयोजित किया जाएगा।
अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने सोमवार को आयोग कार्यालय में ऊना एवं बंगाणा उपमंडलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा एवं अधिवक्ता शालिनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में पात्र व्यक्ति इनका पूरा लाभ नहीं ले पाते। आयोग का प्रयास है कि अधिकारों और योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल, स्पष्ट और सुगम बनाया जाए।उन्होंने बताया कि आयोग प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से ऐसे जन-जागरूकता शिविर आयोजित करेगा और समूरकलां में आयोजित यह शिविर इस अभियान की शुरुआत है। शिविर में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
