Hamirpur,Arvind Singh(TSN)—मंडी के बाद अब हमीरपुर उपायुक्त कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है।यह धमकी एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसमें दोपहर करीब 2:30 बजे बम विस्फोट की बात कही गई थी।मेल प्राप्त होते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए और डीसी ऑफिस को तुरंत खाली करवा लिया गया।
पुलिस ने कार्यालय परिसर को पूरी तरह घेर लिया है और इसे अस्थायी पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्टर टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) ने भी मोर्चा संभाल लिया है। डीसी कार्यालय का चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का पता लगाया जा सके।
उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने बताया कि ईमेल में कार्यालय परिसर में बम होने की सूचना दी गई थी।साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि कुछ संदिग्ध वाहन भी इलाके में देखे गए हैं,जिनकी पुलिस जांच कर रही है।गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को चंबा डीसी ऑफिस को भी इसी तरह की धमकी मिली थी,जिससे पूरे प्रशासनिक तंत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है,और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं।
