शिमला। शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के नरैण पंचायत के करशोली गांव में बीती रात एक दो मंजिला रिहायशी मकान में आग लग गई। इस मकान के मालिक विजय सिंह हैं, जिनका मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग से मकान के चार कमरे और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह से राख हो गए हैं, जिससे अनुमानित 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आग की लपटों ने लिया विकराल रूप
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2:30 बजे की है, जब मकान मालिक विजय सिंह घर में अकेले सो रहे थे। उन्होंने खिड़की से आग की लपटें देखीं और तुरंत घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उन्हें कुछ हल्की चोटें भी आईं। गनीमत रही कि घर के अन्य सदस्य उस वक्त घर में नहीं थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग का कारण शॉर्ट सर्किट
आग लगने की सूचना शुक्रवार सुबह नरैण पंचायत के उपप्रधान अविनाश कायथ ने पुलिस चौकी तकलेच को दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
गांववालों ने की बचाव की कोशिशें
घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची है। पंचायत प्रधान शिवराम ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि गांववालों की तमाम कोशिशों के बावजूद मकान को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
