Hamirpur, Arvind singh-मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि हमीरपुर में निर्माणाधीन मॉडल बस स्टैंड वर्ष 2026 तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। यह बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं और कमर्शियल परिसर जैसी विशेषताओं से युक्त होगा। निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए धर्मपुर जाते समय उन्होंने हमीरपुर में बस स्टैंड के स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में पार्किंग के लिए भी अलग से पर्याप्त क्षेत्र निर्धारित किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि बीते दो दशकों से बजट की कमी के चलते यह प्रोजेक्ट अटका हुआ था, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इसे प्राथमिकता दी गई और तेज़ी से निर्माण कार्य शुरू करवाया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की कोशिश है कि यह बस स्टैंड निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा हो और जनता को एक बेहतरीन सुविधा मिल सके।”
जल्द होगा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जानकारी दी कि हमीरपुर के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन भी जल्द ही किया जाएगा। कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर की खरीद को मंजूरी दी जा चुकी है, जिससे उद्घाटन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार: हिमाचल देश में पांचवें स्थान पर
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि हालिया रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश देशभर में पाँचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग, अधिकारियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए कई अहम सुधार किए हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
