Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिले के चुराह उपमंडल में हंस फाउंडेशन ने ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से ‘हृदय’ नामक विशेष प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी है। भजरडू में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल की अगुवाई में इसकी औपचारिक लॉन्चिंग हुई। कार्यक्रम में पंद्रह चयनित गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बताया गया कि काफी समय से इन गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा की गुणवत्ता और लोगों की जीवनशैली में सुधार लाने को लेकर विस्तृत सर्वेक्षण किया जा रहा था। सर्वे के आधार पर यह पाया गया कि मूलभूत सेवाओं की कमी, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का अभाव और शिक्षा के स्तर में सुधार की आवश्यकता है। इन चुनौतियों को देखते हुए हंस फाउंडेशन ने ‘हृदय’ प्रोजेक्ट को अमल में लाने का निर्णय लिया।प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य अगले तीन वर्षों में चुराह के 15 गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवनशैली से जुड़े मानकों को बेहतर बनाना है। कार्यक्रम के दौरान हंस फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि गांवों में स्वास्थ्य शिविर, पोषण जागरूकता अभियान, स्कूलों में शैक्षणिक सुधार कार्यक्रम और स्वच्छता से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। साथ ही लोगों के रहन-सहन, स्वच्छता और सामाजिक विकास पर विशेष फोकस रहेगा।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने कहा कि हंस फाउंडेशन द्वारा चिह्नित इन गांवों को मॉडल गांवों के रूप में विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा, ताकि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें।उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘हृदय’ प्रोजेक्ट आने वाले वर्षों में इन गांवों की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होगा।
