राहुल चावला,धर्मशाला: इन दिनों बौद्ध नगरी मैक्लोडगंज में तिब्बती बौद्ध धर्म के निंगमा स्कूल के प्रमुख धर्मगुरु तकलुंग चेतुल रिंपोछे भ्रमण पर पहुंचे हैं। वह बुधवार को अपनी मां संग मैक्लोडगंज पहुंचे। धर्मगुरु नवांग ताशी राप्टेन ने गुरुवार को तिब्बतियों के सर्वोच्च धर्मगुरु दलाईलामा से मुलाकात की।
बता दें कि लाहौल-स्पीति में स्पीति घाटी के ताबो क्षेत्र के रंगरिक गांव के साढ़े चार साल के छोटे लड़के नवांग ताशी राप्टेन की पहचान तिब्बती बौद्ध धर्म के निंगमा स्कूल के प्रमुख तकलुंग चेतुल रिंपोछे के चतुर्थ पुनरावतार के रूप में की गई थी। बौद्ध गुरुओं ने बालक के घर जाकर इसकी पहचान करने के बाद शिमला में विधिवत बालक का नाम बदलकर तकलुंग चेतुल रिंपोछे रख दिया है जो दोरजीडक मठ के अनुयायियों का गुरु हैं।
धर्मगुरु की मां के डोलमा ने बताया कि बुधवार को वे मैक्लोडगंज पहुंचते थे और शुक्रवार को वापिस लौट जाएंगे। वीरवार को दलाईलामा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दलाईलामा ने धर्मगुरु तकलुंग चेतुल राप्टेन के बाल काटे, उन्हें शुभकामनाएं दी और उनकी पढ़ाई के बारे में बातचीत की।
