कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): विधानसभा चुनाव के लिए यहां जमीन पर नहीं बल्कि हवा में उड़कर मतदान करने का संदेश दिया गया। यह अनोखा संदेश कुल्लू में दिखाई दिया। दरअसल कुल्लू के साथ लगते पीज से लेकर ढालपुर मैदान तक पैराग्लाइडिंग के जरिए चुनाव आयोग ने अनूठा अभियान चलाया हुआ है।

बता दें कि पैराग्लाइडर पायलट उड़ान भरने के बाद हवा में बैनर लहराकर मतदान का संदेश देता है। आयोग की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कई प्रकार के अभियान चलाए हुए हैं। इसी कड़ी में जिला प्रशासन की ओर से एक सप्ताह से लगातार स्कूलों कॉलेज अन्य संस्थानों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम चल रहा है। वोट करेगा कुल्लू सारा याद रखो नवंबर 12 स्लोगन के साथ जीत राणा ने मतदाताओं को जागरूकता का संदेश दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष गर्ग ने बताया कि कुल्लू जिला पर्यटन गतिविधियों के लिए जाना जाता है। ऐसे में पैराग्लाइडिंग कर मतदाताओं को जागरूक करने की पहल की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान करें। पैराग्लाइडर में बैनर लहराकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया गया। ताकि सभी लोग मतदान करने मतदान केंद्र पहुंच सके।

