संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में चुनाव का समय जितना पास आ रहा है राजनीतिक दलों के बीच की बयानबाजी उतनी ही ज्यादा बढ़ती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस लगातार एक दूसरे पर जुबानी हमने करते जा रहे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार चल रहा है। वहीं अब कांग्रेस की ओर से भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ाने के साथ ही प्रदेश को लूटने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं।
शिमला में कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस वार्ता की है जिसमें उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर हैं, लेकिन जोइया मामा सत्ता के नशे में चूर हैं। प्रदेश को लूट और झूठ के अंधकार में धकेल दिया गया हैं अब वोट की चोट का समय आ गया हैं। आज महंगाई से लोगों का जीना दुश्वार हो गया हैं। रसोई गैस की क़ीमत 400 से 1150 हो गई हैं, तेल 85 से 190 रूपए हो गया है। दाल, आटा,चीनी,चावल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ही प्रदेश में 8.82 लाख युवाओं के पास कोई रोजगार नहीं हैं। मोदी के दो करोड़ रोजगार हर साल देने के वादे की तरह जयराम ठाकुर सरकार के वादे भी ‘जुमले’ साबित हुए हैं। उन्होंने कहा की ‘गुरु’ और ‘चेला’मोदी और जयराम एक से बड़े एक जुमलेबाजी निकले है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी देने की बजाय भाजपाई भ्रष्टाचार के चलते मिलने वाली नौकरी भी छिन गई। हिमाचल में पुलिस भर्ती पेपरलीक घोटाला, शिक्षक-प्रोफेसर भर्ती घोटाला ने प्रदेश के युवाओं के दिलों पर गहरे घाव दिए हैं। मोदी सरकार ने ‘इंडिया ऑन सेल का फट्टा लगा दिया है। मोदी सरकार ने 27 हजार किमी. राष्ट्रीय राजमार्ग बेचे, बिजली कारखाने, 25 सरकारी हवाई अड्डे व बंदरगाह बेच दिए।
उन्होंने कहा कि आज 8 नवंबर 2022 को नोटबंदी की छठी बरसी है। मोदी ने कहा था कि नोटबंदी के 50 दिन बाद अगर गलती मिल जाए, तो जनता सजा दे। यह सबसे मूर्खता पूर्ण फैसला था।
उन्होंने कहा कि वोट की चोट से भाजपा को सजा देने का वक्त आ गया है। नोटबंदी से कैश का भुगतान खत्म हो जाना चाहिए था पर अर्थव्यवस्था में “कैश इन सर्कुलेशन ” साल 2016 के 17.97 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर साल 2022 में 230.88 लाख करोड़ हो गया है।फर्जी नोट खत्म हो जाने चाहिए थे पर साल 2020-21 के मुकाबले साल 2021-22 में 500 रुपए के फर्जी नोट की संख्या 102 प्रतिशत बढ़ गई और 2000 रुपए के फर्जी नोटों की संख्या 50
प्रतिशत बढ़ गई।
राहुल गांधी से पता नहीं क्यों डरती है भाजपा
रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की और से राहुल गांधी के हिमाचल ना आने पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि ना जाने क्यों भाजपा राहुल गांधी से डरती है। उन्होंने कहा कि रवि शंकर को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं हैं। उन्हें बीजेपी भी गंभीरता से नहीं लेती हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से बीजेपी घबराई हुए हैं। राहुल भारत जोड़ो यात्रा कर रहें हैं जिससे बीजेपी बौखला गई हैं।
