अरविंदर सिंह,हमीरपुर: मंडी शिवरात्रि में सांस्कृतिक संध्या के दौरान सनातन संस्कृति के अपमान पर हिंदू जागरण मंच आक्रोशित हो गया हैं। जागरण मंच की ओर से इस बात का विरोध जताया जा रहा हैं। मंच ने विरोधस्वरूप ही बुधवार को उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में होने वाले मेलों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने की मांग करते हुए मंडी शिवरात्रि में हुए सनातन संस्कृति के अपमान पर उपायुक्त मंडी से माफी मांगने की मांग की हैं।
इसके साथ ही मंच ने सुजानपुर में होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव में पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देने व मेला परिसर में मास से तैयार व्यंजनों के स्टॉल ना लगाने देने की मांग भी की हैं।
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक कुलदीप कुमार की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हमीरपुर को मंडी शिवरात्रि में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान हिंदू संस्कृति के अपमान करने के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। प्रतिनिधि मंडल ने सुजानपुर राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव में स्थानीय कलाकारों को उचित मानदेय देने की भी मांग की।
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक कुलदीप कुमार ने कहा कि मंडी शिवरात्रि के दौरान सनातन संस्कृति के अपमान करने पर मंच उपायुक्त मंडी से लिखित माफी मांगने की मांग करता हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयोजित होने वाले मेले हिंदू संस्कृति से संबंध रखते हैं ऐसे में मंडी में उन कलाकारों को समय दिया गया जिनको हिंदू संस्कृति का ज्ञान नहीं था। उन्होंने कहा कि मंच इसकी घोर निंदा करता हैं और मांग करता है कि हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कलाकारों को ही कार्यक्रम में तरजीह दी जानी चाहिए।
जिला संयोजक कुलदीप कुमार ने बताया कि मंच ने सुजानपुर में होने वाले राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दौरान मांस के उत्पादों की मेला स्थल में बिक्री ना करने की मांग करने के अलावा सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान स्थानीय व हिमाचली कलाकारों को उचित मानदेय देने की मांग भी जिला प्रशासन से की गई हैं।
