शिमला/कमल भारद्वाज: दिवाली को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गए हैं और इस पर्व को लेकर लोग जमकर खरीददारी भी कर रहे हैं। शिमला शहर के लोअर बाजार में लोगों की काफी भीड़ है। लोग दिवाली पर्व के खरीददारी करने यहां पहुंच रहे हैं। वहीं किसी भी तरह की आगजनी की घटना न हो इसके लिए भी प्रशासन मुस्तेद है। दिवाली पर आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग शिमला ने पूरी तैयारियां कर दी है। विभाग ने दो शिफ्टों में फायर ब्रिगेड के जवानों की ड्यूटी लगा दी है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
फायर डिविजनल ऑफिसर संजीव कुमार ने बताया कि दीवाली के मौके पर अक्सर आगजनी की घटनाएं पेश आती हैं। जिससे निपटने के लिए फायर ब्रिगेड इस बार काफी अलर्ट मोड पर है। अग्निशमन विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को मौके पर भेजा जा सके।
