शिमला : कमल भारद्वाज – प्रदेश सरकार इस बार सेब बाजार में वजन के हिसाब से बेचने का निर्णय लिया गया है। यह बात बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिमला में प्रदेश के सेब उत्पादकों, आढ़तियों और सेब व्यापार के अन्य हितधारकों के साथ आयोजित बैठक में कही। बैठक के दौरान सभी वर्गों से सेब सीजन को सफल बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए। प्रदेश सरकार ने बागवानों के हित को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सल कॉर्टन की बजाय वजन के हिसाब से सेब की बिक्री का निर्णय लिया है। इस निर्णय से बागवानों, आढ़तियों व अन्य हितधारकों के अधिकार भी सुरक्षित होंगे।
नियम न मानने वालों पर होगी कार्रवाई
बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बैठक के दौरान प्राप्त उचित सुझावों को लागू करने पर विचार करेगी। लेकिन सरकार अपने निर्णय के अनुसार वजन के हिसाब से सेब की बिक्री के मामले में पीछे नहीं हटेगी। प्रदेश के कानून के संबंध में किसी को भी निराधार टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा रही हैं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बीते दिनों आई प्राकृतिक आपदा से सड़कों को नुकसान हुआ है लेकिन सरकार ने सड़कों को बहाल करने के लिए पुरी मशीनरी लगाई है और सड़कों को खोलने का कार्य चल रहा है।
