मंडी, धर्मवीर -:मंडी बस स्टैंड में देर रात एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें नशे में धुत दो युवकों ने एचआरटीसी के चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर दी। यह घटना उस समय हुई जब दिल्ली से मनाली जा रही परमाणु डिपो की बस मंडी बस स्टैंड पर चाय-पान के लिए रुकी हुई थी। इस हमले में चालक और परिचालक दोनों घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उसी रात गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी चालक भास्कर गौतम और परिचालक ललित कुमार परमाणु डिपो की बस लेकर दिल्ली से मनाली की ओर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे बस मंडी बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए चाय-पान के लिए रुकी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और बस में बैठी सवारियों से आधार कार्ड दिखाने की मांग करने लगे।परिचालक ललित कुमार ने बताया कि दोनों युवक पूरी तरह से नशे में थे और बिना किसी कारण सवारियों से आधार कार्ड मांग रहे थे। जब कुछ यात्रियों ने कहा कि उनके पास आधार कार्ड नहीं है, तो दोनों युवकों ने उनसे बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख कुछ सवारियां बस से उतरकर चालक और परिचालक के पास पहुंचीं और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।ललित कुमार ने बताया कि जब उन्होंने और चालक ने दोनों युवकों को सवारियों को परेशान करने से रोका, तो वे भड़क गए और उन पर ही हमला कर दिया। इस दौरान दोनों नशेड़ी युवकों ने चालक-परिचालक के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। अचानक हुए इस हमले से बस स्टैंड पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने रात में ही किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पहले भी मारपीट और अन्य घटनाओं में शामिल रह चुके हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं।उधर, रात्रि ड्यूटी पर तैनात एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ हुई इस घटना की चालक और परिचालक यूनियन ने कड़ी निंदा की है। एचआरटीसी परिचालक यूनियन के प्रदेश मीडिया प्रभारी ललित ठाकुर ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे कर्मचारियों तथा यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।उन्होंने बताया कि यूनियन इस मामले को लेकर जल्द ही डीसी और एसपी मंडी को ज्ञापन सौंपेगी। इसके साथ ही मंडी बस स्टैंड में रात के समय पुलिस जवानों की तैनाती की मांग भी उठाई जाएगी ताकि यात्रियों और एचआरटीसी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।ललित ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, तो एचआरटीसी की बसें बस स्टैंड के भीतर प्रवेश नहीं करेंगी।
वहीं एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मारपीट करने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सदर थाना की टीम मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
