मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी जिला में एचआरटीसी बस चालक को शराब के नशे में बस चलाते हुए पकड़ा गया है। निगम प्रबंधन के द्वारा ही चालक के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। चालक को पुलिस चौकी में ले जाकर एल्को सेंसर से जांच में शराब की पुष्टि हुई है। पुलिस ने चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया है। निगम प्रबंधन भी अपने स्तर पर इस मामले में रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई कर रहा है। निगम की यह बस मंडी डिपो की है।
कोटली से ढलवान रूट पर जा रही थी मंडी डिपो की बस
दरअसल निगम प्रबंधन को सूचना मिल रही थी कि एक रूट पर ड्राइवर शराब के नशे में बस चला रहा है। इस पर एचआरटीसी प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर रवाना किया। निगम की बस रोजाना की भांति शाम 6:00 बजे कोटली से ढलवान के लिए रवाना हुई। यह बस कोटली से महज डेढ़ किलोमीटर ही आगे पहुंची थी और एचआरटीसी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा, ट्रैफिक मैनेजर अखिल अग्निहोत्री और कार्यशाला प्रबंधक ईशान ने बस चालक को रुकने का ईशारा किया। बस में सात यात्री सवार थे और करीब आठ किलोमीटर का यह सफर बस ने तय करना था। बस को रोकने पर बस चालक की हालत संदिग्ध दिखने पर अधिकारियों ने बस चालक को कोटली पुलिस चौकी ले गए। यहां एल्को सेंसर में जांच पर मानकों से कई गुना अधिक शराब की पुष्टि हुई। जबकि बस में सवार यात्री आसपास के ही थे और वह खुद ही गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस कार्रवाई के चलते रूट बस न भेजी जा सकी। जबकि शनिवार सुबह रूट के लिए चालक की ड्यूटी लगा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एचटीसी चालक का चालान काटा गया है और नियम अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
