हमीरपुर, अरविंद- : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अपने लंबित बकाया एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई है। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजमेर सिंह ने कहा कि सरकार ने पेंशनरों को जल्द बकाया राशि जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।हमीरपुर में मंच की जिला कार्यकारिणी की विशेष बैठक के बाद अजमेर सिंह ने कहा कि 7 जून 2026 को सरकार के साथ हुई बैठक में पेंशनरों के हित में 20 करोड़ रुपये तथा अन्य लंबित बकाया के लिए 20 करोड़ रुपये रखने की बात कही गई थी। उस समय पेंशनरों को भरोसा दिलाया गया था कि राशि जल्द जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब जानकारी मिल रही है कि संबंधित फाइल वित्त विभाग से ही रिजेक्ट कर दी गई है, जिससे पेंशनरों में भारी रोष है।
अजमेर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कई वर्गों के कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत दे रही है, लेकिन एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया क्यों अपनाया जा रहा है, यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि उम्रदराज पेंशनर लंबे समय से अपने हक की राशि का इंतजार कर रहे हैं और लगातार आश्वासनों के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं परिवहन परिवार से जुड़े रहे हैं और एचआरटीसी कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। ऐसे में सरकार को पेंशनरों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए लंबित एरियर जल्द जारी करना चाहिए।मंच ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार से मांग की है कि पेंशनरों से किए गए वायदे को शीघ्र पूरा कर उन्हें आर्थिक राहत प्रदान की जाए।

