बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के अलावा पंजाब रोडवेज, हरियाणा रोडवेज की बसें बिना रूट के ही दौड़ रही हैं। अभी तक फोरलेन पर न ही कोई रूट निर्धारित हो पाया है। वहीं, न ही कोई किराया निर्धारित हुआ है। इसके बावजूद भी सरेआम नियमों की अवहेलना की जा रही है। इसका खामियाजा बिलासपुर से स्वारघाट रूट पर बसों के माध्यम से सफर करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लेकिन फिर भी इस समस्या को लेकर कोई भी गंभीर नहीं है।
बताया जा रहा है कि किरतपुर-नेरचौक फोरलेन शुरू होने के चलते सरकारी बसें यहां से ही अपने रूट पर दौड़ रही हैं। हालांकि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय की ओर से एक बस का चालान भी किया गया है। लेकिन इसके बावजूद भी हिमाचल पथ परिवहन निगम के अलावा अन्य राज्यों की बसों की मनमानी नहीं रूक पा रही है। बताया जा रहा है कि लॉंग रूट की हिमाचल पथ परिवहन निगम की नॉन स्टॉप बसें फोरलेन से ही होकर अपने रूट पर जा रही हैं। लेकिन बिलासपुर से स्वारघाट रूट पर लोग अब बसों का इंतजार करते हुए देखे जा सकते हैं। जिसके चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम के अलावा अन्य बाहरी राज्यों के बसों को भी नियमानुसार प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
