धर्मशाला,राहुल-: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक और कदम बढ़ाने जा रहा है। निगम जल्द ही ‘हिम बस प्लस कार्ड’ लॉन्च करने की तैयारी में है। इससे पहले शुरू किया गया ‘हिम बस कार्ड’ सफल रहा था, जिसके सकारात्मक परिणामों के बाद अब इसका उन्नत संस्करण लाने की योजना बनाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह नया कार्ड पंचायत चुनावों के बाद राज्य में लॉन्च किया जा सकता है। इस कार्ड की खासियत यह होगी कि यात्रियों को कैशबैक जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके लिए बैंकिंग प्रक्रिया पर कार्य जारी है और योजना अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।प्रदेश सरकार की ‘ग्रीन हिमाचल’ नीति के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर भी तेजी से काम हो रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश भर में करीब 100 इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मजबूती मिलेगी।एचआरटीसी के तहत 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की प्रक्रिया भी जारी है, जबकि आगामी वर्ष में यह संख्या 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि सार्वजनिक परिवहन प्रणाली भी अधिक आधुनिक बनेगी।इसके साथ ही निगम की सभी वर्कशॉप का भी कायाकल्प किया जा रहा है। धर्मशाला में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत आधुनिक वर्कशॉप का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, वहीं अन्य वर्कशॉप को भी अपग्रेड किया जा रहा है। नाबार्ड के माध्यम से इसके लिए वित्तीय प्रबंध किया गया है।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि हिम बस प्लस कार्ड पर कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द जनता के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल यात्रियों को डिजिटल और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
