संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर हैं। प्रदेश में अब एचआरटीसी की रात्रि बस सेवा सामान्य रूप से चलेगी। एचआरटीसी चालक यूनियन की तरफ से आज रात 12 बजे से रात्रि बस सेवा ठप की जाने वाली अपनी हड़ताल को टाल दिया गया हैं। यूनियन ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ओर से बैठक के लिए समय देने के बाद हड़ताल को टालने का फ़ैसला लिया हैं।
बता दें कि अब रात्रि बस सेवाएं सामान्य तौर पर चलेंगी। 18 मई को सुबह 11:30 बजे सचिवालय में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार चालक यूनियन के पदाधिकारियों से बैठक करेंगे। इससे पहले एचआरटीसी चालक यूनियन ने अग्रिम रात्रि भत्ता न देने पर रात्रि सेवाओं के बहिष्कार करने का एलान किया था। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि निगम के सभी मंडलीय प्रबंधकों और क्षेत्रीय प्रबंधकों को चालकों-परिचालकों से बातचीत कर विश्वास में लेने और जनता को असुविधा में न डालने को लेकर बात करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ सप्ताह पहले ही निगम के कर्मचारियों को दो महीने का ओवरटाइम जारी किया गया हैं। इसी महीने के अंत तक एक महीने का ओवरटाइम देने का आश्वासन दिया गया हैं।
वहीं एचआरटीसी ड्राईवर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने ओवरटाइम,ओर रात्रि भत्ते के मसले पर 18 मई को सचिवालय में बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि सरकार को समय पर निर्णय लेना चाहिए था। सरकार ने बैठक बुलाई है लेकिन सरकार और प्रबंधन ने देरी से बैठक का निर्णय लिया हैं। उन्होंने कहा कि सुबह बसें ना चलने से कई रूट्स भी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि अगर 18 मई को हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो कड़ा आआंदोलन किया जाएगा।
