Mandi, 23 November-:हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश की आवश्यकताओं और हालिया आपदा के प्रभाव को देखते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत, सड़क पुनर्निर्माण और पुल निर्माण जैसी अहम योजनाएं शामिल हैं, जिनके लिए कुल 93.55 करोड़ रुपये सहित कई अन्य स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं।
अजय राणा के अनुसार हिमाचल प्रदेश हमेशा से केंद्र सरकार की प्राथमिकता में रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को कभी भी संसाधनों की कमी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेता केंद्र की सहायता का श्रेय गलत तरीके से लेने और जनता को भ्रमित करने में लगे हैं, जबकि असलियत यह है कि केंद्र लगातार हिमाचल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।राणा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इसके तहत नैशनल हाईवे–154A के संवेदनशील और क्षतिग्रस्त हिस्सों की विशेष मरम्मत के लिए 93.55 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। यह मरम्मत कार्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए बेहद राहतकारी साबित होगा और आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगा।
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने CRIF के तहत तीन अहम परियोजनाओं को भी मंजूरी प्रदान की है। इनमें शामिल हैं—
- मंडी–गग्गल–चैल चौक–जंजैहली सड़क के पुनर्निर्माण हेतु ₹137.40 करोड़
- जेजों मोड़ से टाहलीवाल लिंक रोड के स्तरोन्नयन हेतु ₹48.69 करोड़
- कुल्लू में ब्यास नदी पर मौहल स्थित पिरडी–तलोगी के बीच 110 मीटर डबल लेन मोटरेबल ब्रिज के निर्माण हेतु ₹28.35 करोड़
अजय राणा ने बताया कि वह स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इन परियोजनाओं को CRIF में शामिल कराने का आग्रह कर चुके थे। हालिया प्राकृतिक आपदा ने कई सड़क मार्गों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया था, जिसके चलते इन परियोजनाओं की स्वीकृति अत्यंत आवश्यक थी।उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल आपदा प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी बल्कि प्रदेश में पर्यटन, परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
