Dharamshala, Rahul-हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले सहित कई क्षेत्रों में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के चलते जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इसी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र और प्रदेश सरकार से प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की है।
बुधवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा के माध्यम से केंद्र सरकार को मांग पत्र भेजा। इस अवसर पर जिला वर्किंग प्रेसिडेंट देशराज ने कहा कि भारी बारिश के चलते मंडी में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां कई घर बह गए हैं और कई लोगों की जानें गई हैं।देशराज ने केंद्र सरकार से आपदा प्रभावितों के लिए 1000 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज तत्काल जारी करने की मांग की है। साथ ही प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि जिनके घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, उन्हें घर बनाने के लिए तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए।इसके अलावा, जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग भी की गई है। देशराज ने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों ने यह मांग पत्र न केवल केंद्र और राज्य सरकार को बल्कि राष्ट्रपति और राज्यपाल को भी सौंपा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अभी तक वर्ष 2025 की आपदा के लिए कोई विशेष ग्रांट प्रदेश को जारी नहीं की है, जबकि 2023 में जारी की गई 2600 करोड़ की राशि में से भी केवल आधी धनराशि ही अब तक रिलीज हुई है।देशराज ने कहा कि यह जरूरी है कि सरकार समय रहते राहत प्रदान करे ताकि प्रभावित परिवारों को दोबारा जीवन शुरू करने का अवसर मिल सके और वे सुरक्षित रूप से पुनर्वासित हो सकें।
