Hamirpur, Arvind-प्रदेश सरकार की नई भर्ती नीति, जिसमें युवाओं को दो वर्ष तक ‘जॉब ट्रेनी’ के रूप में नियुक्त करने की बात कही गई है, पर हमीरपुर सदर से विधायक आशीष शर्मा ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने इस नीति को युवाओं के साथ “भद्दा मजाक” करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने वादे के अनुसार पांच लाख सरकारी नौकरियों का आश्वासन दिया था, लेकिन अब स्थायी नियुक्तियों की बजाय जॉब ट्रेनी जैसी अस्थायी प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।उन्होंने कहा कि नई नीति के तहत नियुक्त कर्मचारी पहले दो वर्षों तक ट्रेनी रहेंगे और इसके बाद उन्हें स्थायी नियुक्ति के लिए फिर से परीक्षा देनी होगी। इससे युवाओं में भारी असंतोष है और वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।आशीष शर्मा ने सुक्खू सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आगामी विधानसभा के मानसून सत्र में जोरदार विरोध किया जाएगा।उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जॉब ट्रेनी की व्यवस्था को खत्म कर स्थायी भर्ती प्रक्रिया बहाल की जाए तथा अनुबंध के तहत नियुक्त कर्मचारियों को नियमानुसार नियमित किया जाए।
