सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में लगातार दवाओं के सैंपल फेल होने के मामले सामने आ रहे हैं,वहीं इसको लेकर अब प्रदेश सरकार भी अलर्ट हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने सोलन प्रवास के दौरान कहा कि प्रदेश में अब अगर लगातार तीन बार दवाओं के सैंपल फेल होंगे तो उद्योगों को सील किया जाएग,स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन दवाओं के बार-बार सैंपल फेल हो रहे हैं उनको लेकर सरकार पूरी तरह से अलर्ट है। जिन दवाओं के सैंपल दो बार फेल होंगे उनके लाइसेंस रद्द किए जाएंगे वहीं तीसरी बार सैंपल फेल होने पर उद्योग को सील कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि लगातार ऐसे उद्योगों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और जिन उद्योगों द्वारा लगातार ऐसी दवाओं को तैयार किया जा रहा है जिनके सैंपल बार-बार फेल हो रहे हैं उन पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को फार्मा हब से जाना जाता है लेकिन कुछ ऐसे उद्योग है जो लगातार इस पर ग्रहण लगाने का काम कर रहे हैं बार-बार दवाओं के सैंपल फेल होना हिमाचल प्रदेश के लिए भी अच्छा नहीं है ऐसे में इस को लेकर सरकार और इसको लेकर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार का गिरोह सक्रिय है जो पैसा कमाने के चक्कर में लोगों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। शांडिल ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
