बीबीएन/जगत सिंह – नालागढ़ के तहत चिकनी खंड में अवैध खनन बेखौफ जारी है और यहां पर खनन माफिया द्वारा दिनदहाड़े वाहन लगाकर खनन किया जा रहा है। खनन माफिया इस कदर खनन कर रहा है कि मानो उसे प्रशासन और सरकार का डर ही ना रह गया हो । अब तक खनन माफिया करोड़ों की बेशकीमती खनन सामग्री को लूट चुका है । खनन के कारण जहां लोगों की जमीनों को खतरा बना हुआ है वही क्षेत्र के कुओं और बोरवेलों का जलस्तर काफी नीचे चला गया है। खनन माफिया ने गांव के बच्चों के खेल मैदान को भी खनन करके खत्म कर दिया है ।
उधर, आधा दर्जन के करीब गावों के लोगों ने एकत्रित होकर एसडीएम नालागढ़ के दफ्तर के बाहर खनन माफिया के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एसडीएम नालागढ़ को एक शिकायत पत्र देकर खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। एसडीएम नालागढ़ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
