बिलासपुर /सुभाष ठाकुर- प्रदेश सरकार सीमेंट उद्योग के मसले को तुरंत सुलझाए। बरमाणा के ट्रक ऑपरेटर अदानी ग्रुप की तानाशाही सहन नहीं करेंगे। यह बात जिला भाजपा प्रवक्ता एवं ट्रक ऑपरेटर रोशन ठाकुर ने बिलासपुर में प्रेसवार्ता में कही।
रोशन ठाकुर ने कहा कि एसीसी सीमेंट उद्योग बंद होने के चलते सैकड़ों रोज़गार पर संकट पैदा हो गया है।
इसे लेकर ट्रक ऑपरेटर एकजुटता से अपने हकों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि बीडीटीएस बरमाणा को भी आपसी गुटबाजी छोड़कर लड़ाई लडऩी चाहिए, ताकि ऑपरेटर का नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि बीडीटीएस बरमाणा के सदस्यों को एक संघर्ष समिति का गठन करना चाहिए। इसकी कमान किसी वरिष्ठ ऑपरेटर को दी जाए। उन्होंने कहा कि ऑपरेटर अपने हितों की अनदेखी सहन नहीं करेगा। यदि आवश्यकता हुई तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।
