बीबीएन : जगत सिंह- औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में इन दिनों अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। ऐसी कोई नदी नहीं बची है, जिसमें खनन माफिया द्वारा खनन नहीं किया जा रहा है। अब खनन माफिया से परेशान होकर ग्रामीण भी आगे आने लगे हैं। इसी के चलते हिमाचल हरियाणा सीमा पर स्थित भागूवाला गांव के लोग इन दिनों खनन माफिया से खासे परेशान है।
अवैध खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में रोष
खनन माफिया द्वारा गांव में जगह-जगह रात के अंधेरे में जेसीबी मशीनें लगाकर खनन किया जा रहा है ।प्रदेश की बेशकीमती खनन सामग्री को जहां माफिया लूटने में लगा हुआ है । वही नदियों पर बने पुलों को किसानों की जमीनों व प्राकृतिक जल स्त्रोतों को भी नुकसान होने का खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों ने एकत्रित होकर प्रशासन व सरकार को दी चेतावनी
ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस को मौके पर बुलाकर मौके की स्थिति से रूबरू करवाया । लोगों ने कहा कि कई बार 1100 सीएम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की जा चुकी है और माइनिंग विभाग को भी शिकायतें की गई है ,लेकिन अभी तक इस माफिया पर लगाम नहीं लग पाई है । ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही अवैध खनन कर रहे माफिया पर नकेल नहीं कसी गई तो वह आने वाले दिनों व एकत्रित होकर उग्र आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन व सरकार की होगी।
पुलिस ने मौके का लिया जायजा
इस बारे में बरोटीवाला पुलिस थाना प्रभारी श्यामलाल का कहना है कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है।। जिसको लेकर पुलिस ने मौके का जायजा लिया है और पुलिस ने शिकायत दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अवैध खनन करने वालों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
