सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में गत दिवस परवाणु में भाजपा ने समीक्षा बैठक का आयोजन किया। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर , प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा के दिग्गज नेता राजीव बिंदल व पवन राणा मौजूद रहे। इसमें 18 प्रबंधन समितियों के अध्यक्षों से फीडबैक लिया गया। बैठक समाप्त होते ही प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप मीडिया के समक्ष आए और उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाहे जो भी बातें चल रही है लेकिन जीत केवल भाजपा की होने वाली है। सभी तरह की बातों का जवाब वह परिणाम वाले दिन देने वाले है। यह बात कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी को रास नहीं आई और उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को मुंगेरी लाल की उपमा दे दी।
कुशल जेठी ने कहा कि भाजपा के परिणाम वाले दिन चारों खाने चित होने वाले हैं और जो वह मुंगेरीलाल के सपने देख रही है वह पूरे होने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा दिन में भी सपने ले रही है लेकिन इसका भ्रम आठ तारीख को टूटने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ प्रदेश के मतदाताओं ने गुस्से और आक्रोश में वोट दिया है। लेकिन उसके बावजूद भी भाजपा जीत की आस लगाए बैठी है। उन्होंने कहा हिमाचल से भाजपा का पतन आरम्भ होने जा रहा है और कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सत्ता में आने जा रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को सलाह दी और कहा कि वह सत्ता से विदाई के लिए तैयारी कर लें।
