अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर शहर को अब पहले से और ज्यादा साफ सुथरा रखने के लिए नगर परिषद हमीरपुर शहर के 10 वार्ड में नए सिरे से टेंडर अवार्ड किया हैं, जबकि शहर के 11 वार्ड में कम रेट मिलने की वजह से फिलहाल टेंडर अवार्ड नहीं हो पाया हैं। इसके लिए प्रोसेस अब दोबारा नए सिरे से किया जाएगा । नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी अंकित गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद हमीरपुर को स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत प्रदेश सरकार के नियमों के आधार पर टेंडर आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही नगर परिषद की ओर से इस बार सूखा व गीला कचरा अलग-अलग देने का नियम कड़ाई से लागू किया जाएगा और लोगों को इसके प्रति जागरुक भी किया जाएगा।
हमीरपुर नगर परिषद के तहत आने वाले 11 वार्डों में से 10 वार्डों के सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं। इस बार हमीरपुर शहर की साफ-सफाई और कचरा जमा करने का काम देख रहे 96 लोगों के स्थान पर अब यह काम 102 लोगों को सौंपा गया हैं। ज्यादा सफाई कर्मचारी तैनात करने से अब सफाई व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर कर पाने में मदद मिलेगी । नए टेंडर के तहत अब सफाई कर्मचारियों को सरकार की ओर से जो न्यूनतम वेतन तय किया गया हैं वह मिलेगा। इसके अलावा उनका ईपीएफ भी कटेगा।
हमीरपुर नगर परिषद की ओर से शहर के लोगों को साफ हिदायत दी गई है कि वह अपने घर से सूखा और गीला दोनों तरह का कचरा अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को दें ताकि इसका आगे निपटारा सही ढंग से गार्बेज ट्रीटमेंट प्लांट पर किया जा सके, हालांकि काफी जगहों पर अब तक इस सिस्टम से काम नहीं हो पा रहा हैं जिसकी वजह से सफाई कर्मचारियों को इस कचरे का निष्पादन करने में रोजाना दिक्कत आती हैं। नगर परिषद सभी वार्डों में जल्द ही सूखे और गीले कचरे को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए एक स्पेशल अभियान भी चलाएगा।
नगर परिषद के ईओ अंकित गुप्ता ने बताया कि शहर के 10 वार्डों में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए नया टेंडर अवार्ड किया गया हैं। सिर्फ वार्ड 11 का टेंडर कम रेट मिलने की वजह से नहीं हो पाया हैं इसे भी जल्द अवार्ड दिया जाएगा। लोग गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके सफाई कर्मियों को दें ।
