नीरज डोगरा,शिमला: रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं ने सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के लिए चुनावी प्रचार किया। इस दौरान जनसभाओं का आयोजन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में किया गया। वहीं शिमला में चुनाव प्रचार की कमान भारतीय जनता महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा वनथी श्रीनिवास ने संभाली।
उन्होंने धामी ओर शिमला शहर में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश में बेहतरीन काम किया है। हिमाचल प्रदेश के हर वर्ग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष तौर पर ध्यान रखा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में सरकार की ओर से कनेक्टिविटी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए किए जा रहे काम को ऐतिहासिक करार दिया।
वनथी श्रीनिवास ने कहा कि 5 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए बेहतरीन काम किया। प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से बड़े-बड़े प्रोजेक्टों की सौगात दी गई है। इन प्रोजेक्ट में बिलासपुर में एम्स, सिरमौर में IIIM, हरोली में बल्क ड्रग पार्क, नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क की सौगात दी गई। यही नहीं, देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन भी ऊना तक पहुंचना शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से खास नाता है और प्रदेश को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
