अरविंदर सिंह, सुजानपुर: प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार जो मतदाता मतदान केंद्रों पर आकर अपने मत का प्रयोग करने में असमर्थ है उनके लिए घर से ही मतदान करने की व्यवस्था राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से की गई है। इस व्यवस्था के तहत ही सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में अभी तक 358 से अधिक मतदाता घर बैठे अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। अभी मतदान करने हेतु 2 दिन शेष है लेकिन अभी तक यह आंकड़ा मतदान करने वालों का सामने आया है।
बता दें कि वयोवृद्ध 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकें अपने मनपसंद उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर सकें इसके लिए निर्वाचन आयोग की टीम ऐसे मतदाताओं के घर पहुंच रही हैं और उनका मतदान करवाया जा रहा है। पूरी चाक-चबंद व्यवस्था वीडियोग्राफी के माध्यम से तमाम कार्रवाई की जा रही है। मतदान पूरी तरह गुप्त रहे इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
निर्वाचक एवं उप मंडल अधिकारी हरीश गज्जू ने बताया कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत 450 के करीब मतदाता पंजीकृत किए गए थे जो वयोवृद्ध एवं 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और यह लोग घर पर ही अपना मतदान करना चाहते थे। निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए विशेष टीम गठित करके यह अभियान चलाया गया जिसमें शनिवार 5 नवंबर तक 358 मतदान करवाए जा चुके हैं जबकि सोमवार 7 नवंबर तक यह मतदान प्रक्रिया चलेगी।
उन्होंने बताया कि सेक्टर प्रभारी घर पहुंच कर निर्वाचन आयोग की इस मुहिम को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्हें जागरूक कर रहे हैं और मतदान 12 नवंबर को जो होना है उसमें बढ़-चढ़कर मतदाता भाग ले सकें इसके लिए भी प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
निर्वाचक एवं उप मंडल अधिकारी हरीश गज्जू ने बताया मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सके इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वयोवृद्ध एवं 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकें इसके लिए विशेष टीमों का गठन करके उन्हें मतदान घर द्वार पर हो सके इसकी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि 12 नवंबर को अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करने के लिए जागरूक होकर बेहतर समाज निर्माण में अपना योगदान दें खुद आए औरों को भी बताएं।
