बद्दी :जगत सिंह (TSN)- त्यौहारों के दृष्टिगत बद्दी शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए सीपीएस राम कुमार चौधरी ने पुलिस विभाग के साथ बैठक की । राम कुमार चौधरी ने कहा कि त्यौहार के दौरान बद्दी के बाज़ारों में भारी भीड़ से कोई असुविधा न हो, इसके चलते साई रोड़ बद्दी स्थित पुरानी सब्जी मण्डी से एस.बी.आई बैंक नज़दीक पानी का टैंक मार्ग तक सभी वाहनों के आवागमन पर सांय 05.00 बजे से रात्रि 08.00 बजे रोक लगाई गई है।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि हनुमान चौक से पुरानी सब्जी मण्डी तक बाया गैस प्लांट मार्ग को वाहनों के लिए एकतरफ़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि चक्का रोड़ से बिग बाज़ार पुली के समीप मार्ग को भी वाहनों के लिए एकतरफ़ा किया गया है। यहां से यातायात साई मार्ग लेबर चौक की ओर जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक वाहनों, औद्योगिक वाहनों पर माल चढ़ाने के लिए समय रात्रि 09.00 बजे से प्रात 08.00 बजे तक तथा प्रातः 11.00 बजे से सांय 04.00 बजे तक रहेगा। बडे़ व औद्योगिक वाहन वर्धमान चोक से सिक्का होटल के मार्ग से आवाजाही करेंगे।मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रतिबंधित मार्गों पर किसी भी आपातकालीन वाहनों को आने-जाने पर रोक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि त्यौहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि बद्दी बाज़ार में लोगों की सुविधा के लिए पैदल चलने के लिए रैलिंग लगाने पर भी योजना तैयार की जा रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक प्रियंक गुप्ता, नगर परिषद बद्दी के पार्षद सुरजीत चौधरी और राहुल बसंल, संजीव कौशल उपस्थित थे।
