नाहन/देवेन्द्र कुमार: उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने खेल परिसर चंबा मैदान नाहन के जिम में अतिरिक्त मशीनों का लोर्कापण किया। उपायुक्त ने बताया कि रेडक्रास सोसायटी के सौजन्य से लगभग 6 लाख रुपए की लागत से इस जिम के लिए 21 छोटी और बड़ी अतिरिक्त मशीनों को स्थापित किया गया है। जिससे विद्यार्थियों तथा खेल गतिविधियों से जुड़े लोगों को इनका लाभ प्राप्त होगा। उपायुक्त ने कहा कि शारीरिक व्यायाम जहां एक तरफ हमें अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करता है। वहीं दूसरी ओर बुरी आदतों से भी बचाता है, इसलिए हमें अपने आप और बच्चों को इस ओर प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नाहन में खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के अधिकारियों और प्रशिक्षकों द्वारा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने बताया कि यह जिम सुबह 5ः15 से 8ः30, दिन में 10 बजे से 3 बजे तथा सांय 3ः30 से 7ः30 बजे तक कार्यशील रहता है। इस जिम में विद्यार्थियों के लिए मासिक शुक्ल 300 रुपए, गैर विद्यार्थियों के लिए 600 रुपए तथा महिलाओं के लिए 400 रुपए निर्धारित किया गया है। इस जिम में व्यायाम के साथ योगाभ्यास भी करवाया जाता है।
