राकेश,ऊना(TSN) : हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार ओर ढांचागत विकास के लिए अनेक सार्थक कदम उठा रही हैं। गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा में समान अवसर प्रदान करने के लिए सरकार हर संभव मदद मुहैया करवा रही हैं। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव खड्ड में 14 करोड रुपए की लागत से बनने वाले इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखने के बाद उपस्थित खिलाड़ियों व क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनाने के लिए 5 करोड़ रूपये प्रथम किस्त के रूप में मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि इंडोर स्टेडियम में बहु-उद्देशीय इंडोर हॉल, फिटनस सेंटर, योगा हॉल व मैडीटेशन हॉल की सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि इंडोर स्टेडियम के बनने से कॉलेज के बच्चों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 से खड्ड कॉलेज आरंभ हुआ था ओर अब तक तीन बैच लगभग 500 बच्चें कॉलेज से पासआउट होकर निकल चुके हैं। उन्होंने खड्ड कॉलेज के प्रधानाचार्य को पासिंगआउट होकर निकल चुके तीन बैचों के बच्चों के नाम डिजिटल रिकॉर्ड में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 300 बच्चे खड्ड कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खड्ड कॉलेज में वर्तमान में आरंभ किए गए कोर्सों के अलावा अन्य कोर्सों को भी जल्द आरंभ किया जाएगा ओर स्टाफ की रिक्तियों को भी जल्द भरने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने खड्ड कॉलेज के प्रधानाचार्य को आने वाले समय में पासिंग आउट हुए बच्चों को हर साल विशेष कार्यक्रम के साथ जोड़ने को कहा ताकि वे अपने अनुभव वर्तमान में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों के साथ सांझा कर सकें।
