अरविंदर सिंह,हमीरपुर: आज मंडी में आयोजित हो रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवा संकल्प रैली में बारिश ने खलल डाल दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस रैली में युवाओं को संबोधित करने के लिए मंडी आना था, लेकिन ऐन मौके पर जब पड्डल मैदान पूरी तरह से युवाओं से भर गया तो उस समय बारिश की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी दौरा रद्द हो गया। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से ही रैली में उपस्थित युवाओं को संबोधित किया। ऐसे में मोदी के संकल्प रैली में ना आने से उपस्थित युवाओं को भी निराशा हुई। वहीं अब पीएम मोदी की इस रैली में ना आने पर कांग्रेस भाजपा को घेर रही है और तंज कांग्रेस की ओर से भाजपा पर कसे जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी में आयोजित हो रही युवा संकल्प रैली में पीएम मोदी के ना पहुंचने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा की बीते रोज प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंद्रु नाग देवता के मंदिर में शीश नवाया था की बारिश ना हो, लेकिन भगवान इंदरूनग ने भी उनकी अरदास को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इंद्रु नाग देवता भी जानते हैं कि जयराम ठाकुर से हिमाचल प्रदेश की जनता पूरी तरह से तंग आ चुकी है। यही वजह है कि उन्होंने पीएम मोदी का भी रस्ता रोक दिया।
उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ गई है। आज हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी 14 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है । महगांई आसमान को छू रही है । गैस सिलेंडर 1100 से पार हो चुका है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी का रास्ता भी इंद्रु नाग देवता ने बारिश करके रोका है। सुक्खू ने बताया कि इंद्रु नाग देवता ने कहा कि मोदी जी आप का चुनाव 2024 में है, यह चुनाव जयराम ठाकुर का है। जयराम ठाकुर से हिमाचल की जनता परेशान हो चुकी है जिसके चलते इंद्रु नाग देवता ने बारिश कर पीएम मोदी को दिल्ली में ही रोके रखा। इस दौरान कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के सेरा विश्राम गृह में लोगों की जन समस्याओं को सुना। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भी चुनावों को लेकर चर्चा की गई ओर कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया।
