Una, Rakesh-:हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की हरोली विधानसभा में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रम और गलत प्रचार के खिलाफ हरोली औद्योगिक क्षेत्र के पदाधिकारियों ने आज ऊना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हरोली इंडस्ट्री ब्लॉक के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि प्रदेश सरकार की कड़ी मेहनत के बाद केंद्र सरकार ने हरोली में बल्क ड्रग पार्क स्थापित करने की मंजूरी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस परियोजना को लेकर जनता में दुष्प्रचार कर रहे हैं और इसके संभावित नुकसान को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार है।
बोले– न नुकसान होगा, न प्रदूषण, बल्कि मिलेगा रोजगार
राकेश कौशल ने स्पष्ट किया कि बल्क ड्रग पार्क में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज की व्यवस्था होगी और इसके लिए करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। ऐसे में पर्यावरण को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और दवाइयों के लिए आवश्यक कच्चे माल (रॉ मटेरियल) के लिए देश को विदेशी कंपनियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यहीं पर दवाइयों का कच्चा माल तैयार होगा, जिससे आम लोगों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।उन्होंने गलत प्रचार करने वालों से अपील की कि वे उन राज्यों का दौरा करें, जहां पहले से बल्क ड्रग पार्क स्थापित हैं और वहां किसी भी प्रकार की पर्यावरणीय या सामाजिक समस्या नहीं है। यह परियोजना केंद्र सरकार के तय मानकों के अनुसार स्थापित की जा रही है।
राकेश कौशल ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क को लेकर एनजीटी से मंजूरी मिल चुकी है और जल शक्ति विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति के लिए टैंकों का निर्माण भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल हरोली क्षेत्र बल्कि पूरा ऊना जिला औद्योगिक मानचित्र पर उभरकर सामने आएगा।प्रदेश सरकार द्वारा बल्क ड्रग पार्क को तय समयसीमा में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
