सचिन शर्मा,मनाली(TSN): पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए रविवार को मनाली मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन पांच वर्गों में आयोजित की गई जिसमें देश विदेश के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मनाली मैराथन में 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें भारत के अलग अलग स्थानों के साथ ही यूएसए, रशिया औऱ इजरायल के भी करीब 17 प्रतिभागीयों ने इसमें भाग लिया।
मनाली मैराथन में विभिन्न कैटेगरी में प्रतिभागियों ने जमकर अपना प्रदर्शन दिखाया, जिनमें पहली कैटिगरी 102 किलोमीटर ,दूसरी कैटेगरी 42 किलोमीटर, तीसरी कैटिगरी 21,चौथी कैटिगरी 13 किलोमीटर और पांचवी कैटिगरी 5 किलोमीटर आयोजित की गई थी।
इस मैराथन की शुरुआत रात 12 बजे 102 किलोमीटर रोहतांग पास अल्ट्रा चेलेंज मैराथन के साथ मनाली के मॉल रोड़ से की गई। इस मैराथन को प्रतिभागियों की ओर से करीब 13 घंटे में पूरा किया गया, जिसमें आईटीबीपी के पदमा तंडुप प्रथम स्थान पर रहे, जबकि तेनजिंग डोलमा दूसरे स्थान पर रही। वहीं इसके अलावा सुबह के समय करीब 7 बजे अन्य कैटिगरी की मैराथन का भी आयोजन किया गया ।
अलग-अलग कैटेगरी में ऊंचे पहाड़ों के पहाड़ीदार रास्तों से होकर तमाम प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें 6700 फीट की ऊंचाई से लेकर 13050 फीट तक की ऊंचाई तक देश और दुनिया के इन धावकों ने अपना दम दिखाया। 102 किलोमीटर रोहतांग पास अल्ट्रा चेलेंज मैराथन के विजेता रहे पदमा तंदुप ने कहा कि मनाली में आयोजित की गई इस मैराथन में भाग लेकर उन्हें काफी खुशी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मैराथन में काफी सारे चैलेंज भी उनके सामने आए क्योंकि एक तरफ जहां मनाली में रात के समय बारिश हो रही थी तो वही विश्व विख्यात रोहतांग दर्रे में तापमान माइनस में था और वहां पर बर्फबारी भी हो रही थी, ऐसे में इस मैराथन को पूरा करना अपने आप में एक बहुत बड़ा चैलेंज था।
वहीं इस मैराथन में बतौर मुख्यमंत्री शिरकत करने पहुंचे मनाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि मनाली में आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य मनाली के पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना हैं।
