Mandi,Dharamveer-:मंडी जिला के सबसे बड़े और ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं की शुरुआत शुक्रवार को पड्डल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हो गई। खेलों का विधिवत शुभारंभ मंडी की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने महिला क्रिकेट मैच के माध्यम से किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा जोश देखने को मिला।
एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि हर वर्ष शिवरात्रि महोत्सव के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग निभाता है। इस वर्ष शिवरात्रि के उपलक्ष्य पर कुल 14 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबाल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कुश्ती और शूटिंग जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के स्तर को निरंतर बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को एक सकारात्मक मंच मिल सके।एसपी मंडी ने यह भी बताया कि खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि खेलों के जरिए अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाए।
मंडी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राणा ने बताया कि महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जो जिले में महिला खेलों के बढ़ते रुझान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन चिट्टे जैसे जानलेवा नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। जब पुलिस विभाग और समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर इस तरह के प्रयास करते हैं, तो इसका प्रभाव और भी व्यापक हो जाता है।इस मौके पर एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा, जिला पुलिस के अन्य अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। शिवरात्रि महोत्सव से पूर्व शुरू हुई ये प्रतियोगिताएं आने वाले दिनों में और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
