संजु चौधरी, शिमला(TSN): प्रदेश में इस समय 22 हजार से अधिक इंतकाल के मामले लंबित हैं, इसके निपटारे के लिए राजस्व विभाग की ओर से 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश भर में दो दिनों के लिए इंतकाल दिवस मनाया जाएगा । यह जानकारी राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने दी। उन्होंने बताया कि सरकार जनता के राजस्व मामलों को समय पर निपटने के लिए प्रयासरत है और इसीलिए पिछले विधानसभा के सत्र में राजस्व अधिनियम में संशोधन किया गया है और राजस्व कार्यों के लिए समय सीमा तय की गई हैं।
राजस्व मंत्री ने मंगलवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में बताया कि सरकार हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है इसी के चलते विपक्ष प्रदेश में मुद्दाहीन हो गया हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजस्व के हजारों मामले पेंडिंग पड़े हैं जिनमें 22 हज़ार से अधिक मामले इंतकाल के हैं, ऐसे में इंतकाल दिवस मनाने का फैसला लिया गया हैं जहां अधिक से अधिक ऐसे मामलों को निपटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पेंडिंग मामलों की संख्या को देखते हुए प्रति माह इंतकाल दिवस मनाने की योजना हैं।
राजस्व मंत्री ने जनता के राजस्व संबंधी मामलों को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि सरकार हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है जिसके चलते प्रदेश में विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और आए दिन सरकार पर बे-बुनियाद आरोप लगाने में लगा हैं । उन्होंने भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के सरकार गिरने के बयान पर कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है जबकि प्रदेश सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 10 महीने की कांग्रेस सरकार में ही परेशान हो चुका हैं।
