संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते हैं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व की भाजपा सरकार की ओर से बीते 6 माह में लिए गए फ़ैसलों को रिव्यू करने का निर्णय लिया हैं। मुख्यमंत्री की ओर से लिए गए इस निर्णय का बीजेपी की ओर से विरोध जताया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस निर्णय को जन भावनाओं के खिलाफ किया जा रहा काम क़रार दिया हैं। वहीं अब पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने किया हैं।
उन्होंने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हार के सदमे में हैं और इसलिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जन भावनाओं के खिलाफ कोई फैसला नहीं लिया है। यह आम प्रक्रिया है। जब भी कोई सरकार आती है, तो चुनावी साल में लिए गए फैंसलों को रिव्यू किया जाता है। पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के बयान पर भी जगत सिंह नेगी ने कहा कि जरूरत पड़ेगी, तो कांग्रेस सरकार 6 महीने की नहीं पूरे 5 साल के फैसले रिव्यू करेगी।
जरूरत पड़ने पर पूरे 5 साल का पोस्टमार्टम भी कर दिया जाएगा। वहीं हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति में बनी रोहतांग अटल टनल में शिलान्यास पट्टिका को दोबारा लगाए जाने के मामले पर विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि बीजेपी अटल टनल को लेकर राजनीति करती आई हैं। अटल टनल के लिए पैसा तत्कालीन कांग्रेस सरकार में ही जारी किया गया था। बीजेपी सिर्फ और सिर्फ अटल टनल का श्रेय लेने का काम करती रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नई पट्टिका लगाने का फ़ैसला नहीं, बल्कि पुरानी पट्टिका को स्टोर रूम से बाहर निकाल कर दोबारा पुरानी जगह पर लगाने के आदेश जारी किए हैं।
