संजीव महाजन, नूरपुर: विधानसभा इंदौरा के तहत पंचायत भदरोआ के वार्ड नंबर 4 में एक बुजुर्ग महिला के घर गैस सिलेंडर फटने से उनका कच्चा मकान जलकर राख हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय बुजुर्ग महिला अपने लिए चाय बना रही थी लेकिन गनीमत यह रही की इस हादसे में उन्हें कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं। गैस सिलेंडर फटने का धमाका इतना जोर से हुआ कि इसकी वजह से बुजुर्ग महिला के कच्चे मकान के परखच्चे उड़ गए और घर के अंदर रखा गया सामान भी जलकर राख हो गया । बुजुर्ग महिला को यह गैस सिलेंडर सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत मिला था। इस हादसे की वजह से बुजुर्ग महिला का एक कमरे का जो कच्चा मकान था वो भी मिट्टी में मिल गया है, जिससे बुजुर्ग महिला काफी परेशान है।
बता दें कि बुजुर्ग रीमा देवी अकेली हैं। उनके पति किशन बहादुर का देहांत हो चुका हैं। उनकी देखरेख करने वाला कोई नहीं हैं। विधवा पेंशन ही उनके लिए एक मात्र सहारा है। इस हादसे ने जहां उनका घर तबाह कर दिया तो वहीं पीड़ित बुजुर्ग के सभी कपड़े, घर में रखा पंखा, 20-25 हजार रुपए जो पेंशन से जोड़ कर रखे थे वो भी जलकर ख़ाक हो गए हैं। अब बुजुर्ग महिला के पास रहने के लिए कोई जगह नहीं हैं।
बुजुर्ग महिला ने समाजसेवी संस्थाओं और सरकार से मदद की गुहार लगाई हैं। वहीं मामले में ग्राम पंचायत भदरोआ की प्रधान कविता देवी ने बताया कि मामला ध्यान में आया हैं। पटवारी को नुकसान का आंकलन करने के लिए बुलाया गया हैं। पीड़ित की हर संभव सहायता की जाएगी। वहीं इस विषय पर जब जिला परिषद सदस्य डमटाल राहुल पठानिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला आपकी माध्यम से संज्ञान में लाया गया हैं, पीड़िता के घर जाकर हर संभव सहायता की जाएगी।
