अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर जिला मुख्यालय के साथ लगते सराहकड व भरनाग पंचायत के 10 गांवों में पीलिया फैल गया हैं। यहां करीब 4 दर्जन लोग पीलिया की चपेट में आ गए हैं जिसमें से कुछ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया हैं। पीलिया फैलने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंच गई हैं ओर यहां लोगों का उपचार शुरू कर दिया गया हैं। सभी को विभाग की तरफ से हिदायत दी गई है कि सभी लोग पीने का पानी उबालकर ही इस्तेमाल करें।
स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी प्रभावित गांवों से पानी के सैंपल भी टेस्टिंग के लिए भेज दिए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति का पता चल पाएगा। सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग की ओर से एहतियातन सभी कदम उठाए जा रहे हैं और आज छुट्टी होने के बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें प्रभावित क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि बरसात के चलते एहतियात के तौर पर पानी उबालकर पियें। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वह किसी भी तरह के घरेलू या झाड़-फूंक के इलाज में ना फंसे और सही उपचार अस्पताल में पहुंचकर ही करवाएं।
हमीरपुर जिला मुख्यालय के साथ लगती दो पंचायतों में पीलिया के मामले सामने आए हैं उनमें सराहकड़ और भरनाअंग शामिल है इन सभी 10 गांवों के लिए बीएमओ कार्यालय टोनी देवी की ओर से टीमों को रवाना कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि यह सभी गांवों में पीलिया फैलने का बड़ा कारण दूषित जल हैं। इन दिनों बारिशों का मौसम भी लगातार चल रहा है और कहीं से पानी की गंदी सप्लाई आ जाने की वजह से इस पानी को पीने से लोग पीलिया का शिकार हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 45 केस ट्रेस आउट किए गए हैं जिनमें 7 लोग अस्पताल पहुंचे थे जिनमें से 6 लोग इलाज के बाद घर वापस भेज दिए गए हैं। एक साथ दर्जनों लोगों के पीलिए का शिकार होने के मामले काफी सालों बाद हमीरपुर जिला में सामने आए हैं ।
सीएमओ हमीरपुर डॉक्टर आरके अग्निहोत्री ने बताया कि 10 गांवों में पीलिया के मामले सामने आए हैं। यहां विभाग की ओर से सभी गांवों में 11 टीम स्वास्थ्य विभाग की भेज दी गई हैं। इन सभी मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही हैं। संबंधित गांवों से पानी के सैंपल भी लेकर उन्हें टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया हैं। जल्द ही इसकी रिपोर्ट आ जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वह पानी को सिर्फ उबालकर ही पिए अगर किसी को भी कहीं कोई परेशानी आ रही है तो तुरंत अस्पताल से इसे लेकर संपर्क करें किसी भी तरह के घरेलू उपचार या झाड़-फूंक के चक्कर में ना फंसे।
