संजु चौधरी, शिमला: देशभर से मजदूर 5 अप्रैल को दिल्ली के संसद भवन की ओर कूच करेंगे। यहां एकत्र हो कर सभी मजदूर संसद का घेराव करेंगे। संयुक्त ट्रेड यूनियनों के बैनर तले यह संसद घेराव किया जा रहा है,जिसमें 5 लाख मजदूर शामिल होंगें। अपने इसी संसद घेराव को लेकर देश भर के साथ हिमाचल प्रदेश में भी संयुक्त ट्रेड यूनियनों के आवाह्न पर सीटू ने अपनी मांगों को लेकर धरने प्रदर्शन किए।
शिमला में भी उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटू ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि 44 श्रम कानूनों को खत्म करके केंद्र सरकार ने मजदूरों पर जबरदस्ती 4 श्रम कोड थोपने की कोशिश की है, जिसका मजदूर यूनियन विरोध कर रही हैं। सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण, ठेका प्रथा, आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण, स्की वर्कर का शोषण, कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन योजना, मनरेगा की न्यूनतम दिहाड़ी 350 रुपए करने सहित कई मांगों को लेकर ट्रेंड यूनियन आंदोलन कर रही है। इन्हीं सब मांगों को लेकर अब 5 अप्रैल को दिल्ली संसद का घेराव मजदूर करने जा रहे हैं।
