राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में भारतीय जनता पार्टी की ओर सेे नए भव्य कार्यालयों को स्थापित किया जा रहा है। पार्टी के इस लक्ष्य की प्राप्ति में ऊना जिला ने सबसे आगे बढ़ते हुए बाजी मारी है। यहां पार्टी का नया भव्य कार्यालय प्रदेश में सबसे पहले पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है।
इस कार्यालय का उद्घाटन कल रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ-साथ प्रदेश के कृषि व ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर , वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती और उद्योग निगम के उपाध्यक्ष रामकुमार भी उनकेे साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहेगें।
बीजेपी के इस नए पार्टी कार्यालय में बड़ी बैठकों के लिए एक शानदार हॉल के साथ-साथ छोटी बैठकों के लिए भी एक अलग से हॉल की व्यवस्था की गई है । इस कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष के साथ-साथ आईटी टीम का भी अलग कार्यालय होगा। इसके अतिरिक्त तीन अलग-अलग रूम सेट में ठहरने की सुविधा होगी, जबकि कैंटीन रेस्टोरेंट्स की भी इसमें व्यवस्था किए जाने का प्रयास किया जा रहा है पार्टी के इस कार्यालय की छटा देखते ही बनती है।
