सोलन/योगेश शर्मा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को दोपहर बाद सोलन शहर के मॉल रोड पर रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने सोलन सीट से भाजपा के उम्मीदवार राजेश कश्यप के लिए लोगों से जन समर्थन मांगा। शहर के ओल्ड बस स्टैंड से शुरू हुए इस रोड शो में जगत प्रकाश नड्डा ने मॉल रोड,गंज बाजार,अप्पर बाजार,चौक बाजार,सर्कुलर रोड तथा अंत में ओल्ड बस स्टैंड पर लोगों से मुलाकात की और भाजपा के प्रत्याशी राजेश कश्यप के समर्थन में 12 नवंबर को होने वाले हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 में मतदान करने की अपील की इसके बाद जगत प्रकाश नड्डा चंडीगढ़ की ओर रवाना हो गए।
कांग्रेस नेताओं से भी मांगा समर्थन
जनसंपर्क उस वक्त दिलचस्प हुआ जब जगत प्रकाश नड्डा ने मॉल रोड पर स्थित कांग्रेस के चुनाव कार्यालय में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ही भाजपा के उम्मीदवार राजेश कश्यप के लिए वोट मांगे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस के उम्मीदवार धनीराम शांडिल के नाम का टेंपलेट जेपी नड्डा के हाथों में थमा दिया। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर 12 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में लगातार भाजपा और कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं स्टार प्रचारक हिमाचल में आकर भाजपा के प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क कर वोट की अपील कर रहे हैं। बहरहाल नतीजे क्या होंगे यह तो 8 दिसंबर को ही पता लग पाएगा।
